पहाड़ बन रहा नया फिल्म डेस्टिनेशन
जयप्रकाश पंवार ‘जेपी’
उत्तराखंड राज्य पिछले कुछ सालों से फिल्म निर्माण का बड़ा डेस्टिनेशन बनता जा रहा है. वैसे जब से भारत में फिल्म निर्माण होना शुरू हुआ है, तभी से उत्तराखंड की खूबसूरत वादियाँ फिल्म निर्देशकों व निर्माताओं की पसंद बनी रही है. नैनीताल, मसूरी, रानीखेत, देहरादून, धनोल्टी, टिहरी, तुंगनाथ, केदारनाथ, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चकराता, मोरी, गंगोत्री, हर्षिल, ऋषिकेश, हरिद्वार, देवप्रयाग जैसे अनेकों स्थानों में फिल्म, विज्ञापन, टेली सीरियल बनते रहे हैं और लगातार फिल्मों का निर्माण कार्य जारी है. पूर्व में जहाँ यहाँ ज्यादातर हिंदीभाषी फिल्मों की शूटिंग होती थी वहीँ अब दक्षिणभाषी फिल्मों सहित अंतरराष्ट्रिय फिल्म निर्माताओं ने भी उत्तराखंड का रूख करना शुरू कर दिया है. फिल्म निर्माण के शुरूआती दौर में फिल्मों का निर्माण अधिकतर स्टूडियोज में हुआ करता था, व फिल्म के गीतों की शूटिंग के लिए उत्तर-पूर्व दार्जलिंग, अरुणाचल, कश्मीर, लद्दाख, हिमांचल प्रदेश व उत्तराखंड फिल्म निर्माता-निर्देशकों के पसंदीदा स्थान हुआ करते थे.
सन 2015 में, पहली बार हरीश रावत सरकार ने उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद् का गठन कर फिल्म नीति बनायी थी. सिंगल विंडो अनुमति एक बड़ा आकर्षण बना व उसके बाद फिल्म निर्माण की गति बढ़ी. भाजपा की सरकार ने विधिवत फिल्म विकास परिषद् का आज तक गठन नही किया, लेकिन धामी सरकार ने नई फिल्म नीति 2024 को लाकर फिल्म निर्माण की गति को तेजी से बढ़ाया. इस नीति का मुख्य आकर्षण जहाँ बड़ी फिल्म सब्सिडी थी, वहीँ विना किसी शुल्क के शूटिंग परमीसन, व उत्तराखंड फिल्म पुरूस्कार ने फिल्म निर्माताओं को बड़ी राहत व सम्मान देने का काम किया. स्थानीय फिल्म निर्माण में तेजी आई व निर्माताओं की सब्सिडी मिलने से लगातार क्षेत्रीय बोली-भाषाओँ में फिल्म निर्माण जारी है. इसी का परिणाम है की बाहर के फिल्म निर्माता भी उत्तराखंड के विषयों पर फिल्म निर्माण करने लगे हैं. इस साल ‘ढोली’ फिल्म, उत्तराखंडी सिनेमा के इतिहास में मील का पत्थर साबित हुई, इस फिल्म को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ गढ़वाली फिल्म चुना गया। यह फिल्म पारंपरिक ढोल वादकों के सामाजिक संघर्ष को दर्शाती है। इन दिनों विनोद कापड़ी की नई फिल्म ‘चिता’ जिसने कई राष्ट्रिय व अंतरराष्ट्रिय पुरस्कार हासिल किये है, बहु चर्चा में है. पर्वतीय शहरों – कस्बों में फिल्म थीएटर नहीं है, इस हेतु विनोद कापड़ी ने अनोखी पहल की है, उन्होंने मोबाइल थीएटर बनाकर लोगों तक अपनी फिल्म को पहुँचाया जहाँ लोगों का हुजूम लगा रहा. या उत्तराखंड की क्षेत्रीय फिल्मों के लिए एक नई सीख बन गयी है. हाल ही में उत्तराखंडी बोली की गढ़वाली फिल्म ढोली राष्ट्रीय फिल्म पुरुस्कार के लिये चुनी गयी.
साल 2018 में ‘केदारनाथ’ फिल्म बहु चर्चित रही. सुशांत सिंह राजपूत और सारा अली खान अभिनीत यह बॉलीवुड फिल्म, उत्तराखंड की 2013 की त्रासदी की पृष्ठभूमि और वहां की वादियों पर आधारित थी, जिसने वैश्विक स्तर पर उत्तराखंड को दिखाया। साल 2016 के बाद से दर्शकों की क्षेत्रीय फिल्मों में रुचि काफी बढ़ी है। हाल के वर्षों में थिएटर और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज हुई उत्तराखंड के देहरादून, मसूरी, नैनीताल और ऋषिकेश जैसे शहरों को केंद्र बनाकर कई राष्ट्रीय धारावाहिक और ओटीटी सीरीज शूट और सेट की गई हैं. पिछले कुछ वर्षों में उत्तराखंड में नेटफ्लिक्स, अमेज़न प्राइम और हॉटस्टार की कई बड़ी वेब सीरीज की शूटिंग हुई है। हाल ही में मसूरी के मलिंगार ग्राउंड में नेटफ्लिक्स की आगामी सीरीज “ओ साथी रे” की शूटिंग पूरी की गई। जाने-माने फिल्म निर्माता भरतबाला ने उत्तराखंड की अलौकिक सुंदरता और संस्कृति पर आधारित 7 लघु फिल्मों जारी की। स्टार प्लस, ज़ी टीवी और सोनी पर प्रसारित होने वाले कई सुपरनेचुरल हॉरर, कॉलेज लाइफ और मध्यम वर्गीय पारिवारिक ड्रामों का बैकड्रॉप और आधी से ज्यादा शूटिंग उत्तराखंड की हसीन वादियों में की गई है। साल 2015-16 के बाद से उत्तराखंड में 800 से अधिक हिंदी फिल्मों, गानों और वेब सीरीज की शूटिंग हो चुकी है। अकेले जौनसार बावर क्षेत्र में ही पिछले 5 सालों में 3 दर्जन से अधिक प्रोजेक्ट्स शूट हुए। उत्तराखंड के सिनेमाघरों में स्थानीय फिल्मों की डेली स्क्रीनिंग अनिवार्य की गई है। फिल्म एंड टेलीविजन संस्थान, पुणे जैसे बड़े संस्थानों में पढ़ने वाले उत्तराखंड के छात्रों को सरकार 50 से 75 % तक की फीस स्कॉलरशिप दे रही है, जिससे राज्य में नए और पेशेवरों की खेप तैयार हो रही है। हाल ही में अक्षय कुमार उत्तराखंड में अपनी नई फिल्म की शूटिंग कर रहे थे. यही नहीं, इन्हीं दिनों अंतरराष्ट्रिय फिल्म निर्माताओं के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलकर विश्वप्रसिद्ध ब्रिटिश संगीत समूह ‘द बीटल्स’ पर आधारित फिल्म परियोजना को लेकर भेंट की. कललोवर नाम से प्रस्तावित फिल्म की शूटिंग फ़रवरी 2027 में शुरू होने की संभावना है. इस फिल्म का निर्देशन ऑस्कर पुरस्कार विजेता प्रसिद्ध निर्देशक सर सैममेंडेस कर रहे है. इस फिल्म का निर्माण सोनी पिक्चर्स व एप्पल कोर्प्स कर रहे हैं. फिल्म श्रृंखला का नाम ‘द बीटल्स – ए फोर फिल्म सिनेमेटिक इवेंट’ रखा गया है.
दुनिया के सबसे प्रसिद्ध रॉक बैंड ‘द बीटल्स’ और ऋषिकेश का रिश्ता इतिहास में आध्यात्मिक और संगीत क्रांति के एक बेहद खास अध्याय के रूप में दर्ज है। फरवरी 1968 में द बीटल्स के चारों सदस्य—जॉन लेनन, पॉल मैकार्टनी, जॉर्ज हैरिसन और रिंगो स्टार—अपने जीवन में मानसिक शांति, आध्यात्मिकता और संगीत की नई प्रेरणा की तलाश में ऋषिकेश आए थे। बीटल्स के सदस्य ऋषिकेश के स्वर्गाश्रम इलाके में स्थित, महर्षि महेश योगी के आश्रम में ‘भावातीत ध्यान’ सीखने आए थे। महर्षि महेश योगी के इस आश्रम को ‘चौरासी कुटिया’ कहा जाता है, जिसमें ध्यान लगाने के लिए 84 विशेष गुफा-नुमा कुटिया बनाई गई थीं। बीटल्स के यहाँ रहने के बाद से पूरी दुनिया इसे ‘बीटल्स आश्रम’ के नाम से जानने लगी। ऋषिकेश का शांत वातावरण और गंगा का किनारा बीटल्स के लिए, संगीत के लिहाज से सबसे रचनात्मक समय साबित हुआ। यहाँ बिताए कुछ हफ्तों के दौरान उन्होंने लगभग 48 गाने लिखे। इनमें से अधिकांश गानों को उनके मशहूर और सदाबहार ‘व्हाइट एल्बम’ में शामिल किया गया, जैसे ‘डिअर प्रूडेंस’, ‘ब्लैक बर्ड’ और ‘मदर नेचर्स सन’। इसके अलावा जॉन लेनन ने यहाँ से प्रेरित होकर ‘द हैप्पी ऋषिकेश सॉन्ग’ भी रिकॉर्ड किया था।
बैंड के चारों सदस्यों का ऋषिकेश में रुकने का अनुभव अलग-अलग रहा. रिंगो स्टार को यहाँ का मसालेदार खाना पसंद नहीं आया, इसलिए वह महज 10 दिनों में ही वापस लौट गए। पॉल मैकार्टनी यहाँ लगभग एक महीने तक रुके। जॉन लेनन और जॉर्ज हैरिसन ये दोनों सबसे लंबे समय (करीब 6 सप्ताह) तक रुके। हालांकि, बाद में महर्षि महेश योगी के साथ कुछ वैचारिक मतभेदों और विवादों के कारण उन्होंने अचानक आश्रम छोड़ दिया। इसके बावजूद, जॉर्ज हैरिसन का भारत और यहाँ के अध्यात्म से रिश्ता जीवनभर बना रहा। बीटल्स की इस यात्रा पर पूरी दुनिया के मीडिया की नज़रें टिकी हुई थीं। उनके ऋषिकेश आने के बाद ही पश्चिमी देशों के लोगों का नजरिया भारतीय अध्यात्म और योग के प्रति पूरी तरह बदल गया। इसी घटना के बाद से ऋषिकेश को वैश्विक स्तर पर ‘योग की अंतरराष्ट्रीय राजधानी’ के रूप में पहचान मिली। 1990 के दशक में महर्षि महेश योगी के इस आश्रम को खाली कर दिया गया था और यह वीरान हो गया था। लेकिन दिसंबर 2015 में, उत्तराखंड वन विभाग (राजाजी टाइगर रिजर्व) ने इसे दोबारा पर्यटकों के लिए आधिकारिक तौर पर खोल दिया। आज यह जगह देश-विदेश के पर्यटकों और बीटल्स के प्रशंसकों के लिए एक बड़ा आकर्षण केंद्र है, जहाँ की दीवारों पर बीटल्स को समर्पित खूबसूरत भित्तिचित्र और पॉप आर्ट बने हुए हैं।
