November 21, 2026

एक पहल जो इतिहास बन गयी

3

जयप्रकाश पंवार ‘जेपी’

यह बात लगभग 25 साल पहले की है. चंद्रकुंवर बर्त्वाल की कविताओं के सन्दर्भ में मुझे स्व. डा. योगम्बर सिंह बर्त्वाल जी के घर उनसे मुलाकात हेतु जाना हुआ. युगवाणी में मै उनके लेख पढ़ा करता था. इस लिहाज से मै उनसे परिचित था. और इस मुलाकात से पहली बार मै साक्षात् मिला. वो भी मेरे लेखन कार्य से परिचित थे. काफी देर तक चंद्रकुंवर बर्त्वाल की कविताओं के सन्दर्भ में ब्यापक चर्चा हुई. डॉ. बर्त्वाल जी को उनकी बहुत सारी रचनाएं मुंह जुबानी याद थी. इस हेतु उन्होंने चंद्रकुंवर बर्त्वाल शोध संस्थान की स्थापना की थी. बातचीत के पश्चात मै घर से बाहर निकल रहा था, तभी मुझे घर के आँगन में चार – पांच मूर्तियाँ दिखी, एक मूर्ति मुझे जानी पहचानी लगी, वह मूर्ति श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम के संस्थापक, गढ़वाल विश्वविध्यालय स्थापना के सूत्रधार प्रसिद्ध समाजसेवी डा. उदय मंगलम चंद्रशेखरन मन्मथन मेनन यानि स्वामी मन्मथन की थी. दूसरी मूर्ति वीर सिरोमणि माधो सिंह भंडारी की थी व अन्य मूर्तियाँ चंद्रकुंवर बर्त्वाल की थी. तब डा. बर्त्वाल जी ने बताया था कि, ये सभी मूर्तियाँ लखनऊ विश्वविध्यालय के आर्ट कॉलेज के डीन व प्रसिद्ध मूर्तिकार प्रो. अवतार सिंह पंवार ने बनायीं थी. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि, उनकी बनायीं गयी मूर्तियाँ देश – विदेश में स्थापित हैं. जब कभी आप नरेन्द्रनगर बाजार से गुजरते हैं, तो बाजार के मध्य में, सड़क के बगल में विशाल नंदी बैल कि मूर्ति देख सकते हो, ये मूर्ति भी प्रो. पंवार ने ही बनायीं थी. खैर बात आई गयी हो गयी. उसके बाद डॉ. बर्त्वाल से लगातार संबंध बना रहा. वे उत्तराखंड के चलते फिरते इनसाईंक्लोपीडिया थे.

दरअसल इस लेख की असली कहानी अब शुरू होती है. सन 2023 में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविध्यालय की स्थापना के पचास वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कई स्वर्ण जयंती कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था. इसी क्रम में स्वामी मन्मथन के नेतृत्व में हुए जन आंदोलनों से बने विश्वविद्यालय के इतिहास व विकास को लेकर, इस लेख के लेखक व फिल्मकार को एक वृतचित्र बनाने का प्रस्ताव मिला. जब मै चौरास कैम्पस में शूटिंग कर रहा था, तो सामने ऑडिटोरियम पर नजर पड़ी. जिस पर लिखा था स्वामी मन्मथन ऑडिटोरियम. अचानक मुझे 25 साल पहले की, डॉ. बर्त्वाल जी के घर पर हुई मुलाकात ताज़ा हो गयी. मैंने तुरंत बर्त्वाल जी को फ़ोन किया व बताया कि स्वामी मन्मथन जी व माधो सिंह भंडारी जी की जो मूर्तियां आपके घर में है, क्या आप उनको विश्वविध्यालय को दान कर सकते हो? काफी देर बातचीत के पश्चात, बर्त्वाल जी ने कहा ये मेरा सौभाग्य होगा. और कहा, इन मूर्तियों का सही स्थान विश्वविध्यालय ही हो सकता है, जहाँ नई नौजवान पीढ़ी इन जननायकों से प्रेरित हो सके. जब बर्त्वाल जी ने मुझे एक तरह से अनुमति दे दी, तो मैंने प्राचीन इतिहास संस्कृति व पुरातत्व विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. राजपाल सिंह नेगी, डॉ. सुरेन्द्र सिंह बिष्ट व पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. विनोद नौटियाल से यह बात साझा की. सभी ने इस प्रस्ताव का स्वागत किया. कुछ दिन बाद मै डॉ सुरेन्द्र बिष्ट के साथ तत्कालीन कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल से मिला व उनको इस प्रस्ताव की जानकारी दी, उन्होंने इस पर अपनी ख़ुशी जाहिर की व डॉ. बर्त्वाल जी के इस प्रस्ताव हेतु अपनी ओर से उनको आभार व धन्यवाद पत्र लिखकर, मूर्तियों को विश्वविध्यालय पहुँचाने के लिए प्रो. राजपाल नेगी जी की अध्यक्षता में एक टीम बनायीं, जिसमें डॉ. सुरेन्द्र बिष्ट, हाईप्रेक के डॉ. पुरोहित व स्वयं मुझे शामिल किया गया, को देहरादून भेजा गया. जहाँ ससम्मान बर्त्वाल जी को पत्र सौंपकर मूर्तियों को प्राप्त कर श्रीनगर पंहुचाया गया. दुर्भाग्य से लगभग एक महीने बाद ही कोरोना काल मै डॉ. बर्त्वाल स्वर्ग सिधार गये. यह मेरे लिए एक बड़ा सदमा था.

अब मूर्तियाँ विश्वविद्यालय तो पहुँच गयी पर स्थापित नहीं हो पायी. दरअसल कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल जी का कार्यकाल समाप्ति पर था व उनकी अति व्यस्थता के कारण यह कार्य संभव नहीं हो पाया. फिर नये कुलपति की नियुक्ति में काफी समय लगा. लगभग एक वर्ष पूर्व नये कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह की नियुक्ति होने से फिर कुछ आशा बनी. लगभग 3 माह पूर्व श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम का एक प्रतिनिधि मंडल आश्रम के सचिव एडवोकेट ज्ञान सिंह रावत के नेतृत्व में कुलपति श्रीप्रकाश सिंह जी से मिला, व स्वामी मन्मथन व माधो सिंह भंडारी जी की, उचित स्थान पर मूर्ति स्थापना का अनुरोध किया. कुलपति महोदय ने इस प्रस्ताव पर उसी वक्त मूर्ति स्थापना हेतु विश्वविद्यालय के इंजिनीयरिंग विभाग के प्रमुख को निर्देशित किया व मूर्ति स्थल के चयन हेतु प्रतिनिधिमंडल को भी आमंत्रित किया. एक हफ्ते से भी कम समय में मूर्तियों के स्थल का चयन हो गया. 20 जून डॉ. स्वामी मन्मथन जी के जन्म दिवस के दिन मूर्ति का मा. कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने लोकार्पण, स्वामी मन्मथन जी की स्मृति को समर्पित ऑडिटोरियम के सामने किया. इसी क्रम में माधो सिंह भंडारी जी की मूर्ति भी विश्वविद्यालय के पुरातत्व संग्रहालय के समक्ष स्थापित होने जा रही है. एक टीस मेरे मन में हमेशा रहेगी कि, काश इस मौके पर डॉ. बर्त्वाल जी भी उपस्थित रहते. पर डॉ. बर्त्वाल भी इन महान विभूतियों के साथ चिरस्मृत रहेंगे, यह थोड़ा संतोष देता रहेगा.     यह दिन अब एक ऐतिहासिक क्षण बन गया. मा. कुलपति ने यह भी निर्देशित किया कि 20 जून को विश्वविद्यालय के वार्षिक गतिविधियों के कलेंडर में शामिल किया जाये, जिससे हर वर्ष 20 जून को स्वामी मन्मथन व उनके योगदान व उल्लेखनीय कार्यों को याद किया जाये. विश्वविद्यालय ने स्व. डॉ. योगम्बर सिंह बर्त्वाल, सचिव चंद्रकुंवर बर्त्वाल शोध संस्थान व मूर्तिकार प्रो. अवतार सिंह पंवार को शिलापट्ट में उनके योगदान को उत्कीर्ण कर सम्मान व्यक्त किया. यह विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह के विशाल ह्रदय व जन नायकों व योगदान देने वालों के प्रति सम्मान जाहिर करता है. ये कहानी इस बात को स्थापित करती है कि, कभी भी, कोई भी क्षणिक विचार या पहल इतिहास का हिस्सा बन सकती है.

Design & Development with ♥ : edehradun.com